News Control Media

न्यूज कंट्रोल मीडिया National News & Media Network

खुले कपाट बद्रीनाथ धाम के, मुख्यमंत्री धामी संग सांसद महेन्द्र भट्ट ने की अराधना

चमोली। भू-वैकुंठ बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधिविधान के साथ खोले गए। इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान श्री हरि विष्णु के स्वरूप बद्री विशाल का वंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से श्री हरि विष्णु की प्रथम पूजा की और सम्पूर्ण विधि विधान के साथ श्री बदरी विशाल का वंदन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं मंगल हेतु प्रार्थना की। सीएम धामी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, श्री बदरीनाथ धाम के कपाटोद्घाटन के साथ ही पावन चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो चुका है। देवभूमि उत्तराखंड में देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सहज यात्रा अनुभव प्रदान करना हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
एक अन्य पोस्ट में सीएम धामी ने कहा, भगवान श्रीहरि विष्णु की पवित्र भूमि श्री बदरीनाथ धाम के कपाटोद्घाटन के शुभ अवसर पर उपस्थित रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। हिमालय की गोद में स्थित यह दिव्य धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। इस पावन अवसर पर अलौकिक भक्ति, दिव्य ऊर्जा और अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति ने मन को भावविभोर कर दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को केदारनाथ धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत पूरी तरह विधिवत हो चुकी है। इस साल यात्रा का पूरा कार्यक्रम पहले ही तय कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
जानकारी के मुताबिक यमुनोत्री धाम 19 अप्रैल से 11 नवंबर तक खुला रहेगा, जबकि गंगोत्री धाम 19 अप्रैल से 10 नवंबर तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए उपलब्ध रहेगा। वहीं केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल से 11 नवंबर तक खुले रहेंगे। इसके बाद बद्रीनाथ धाम 23 अप्रैल से 13 नवंबर तक भक्तों के लिए दर्शनार्थ खुला रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *